सोलन : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोर-शोर से शुरू हो चुका है। उम्मीदवारों के साथ ही उनके कार्यकर्ता और समर्थक मैदान में उतर कर प्रचार कर रहे हैं। इसी बीच ऐसी खबर आई है जो भाजपा प्रत्याशी के लिए आफत बन सकती है। दरअसल, सोलन जिला में भाजपा के प्रत्याशी के लिखाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की अर्की विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गोविंद राम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है। उनके खिलाफ सरकारी संपत्ति पर पार्टी चिह्न और झंडे लगाने की शिकायत दी गई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम अर्की केशव राम ने इस संबंध में शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि अर्की के शालाघाट, अर्की, मांझू रोड, शालाघाट हेलिपैड और चौगान सहित अन्य जगहों पर भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न यानी कमल के निशान वाले झंडे और बैनर लगाए गए हैं, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
इस शिकायत पर अर्की पुलिस ने सरकारी संपति के दुरुपयोग को रोकने सम्बन्धी अधिनियम 1985 व IPC की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने की है। इस बारे निर्वाचन अधिकारी अर्की केशव राम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर भाजपा प्रत्याशी गोविंद राम शर्मा के खिलाफ शिकायत दी गई है।
