शिमला। युवाओं में बढ़ते ऑनलाइन गेमिंग के क्रेज के बीच साइबर सेल शिमला ने ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड को लेकर लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। देशभर में करीब 40 करोड़ से अधिक गेमर्स के साथ भारत मोबाइल गेमिंग का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है, लेकिन इसके साथ ही इससे जुड़े साइबर अपराधों में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। आकर्षक ऑफर्स और कम पैसे लगाकर ज्यादा जीतने के लालच में युवा अपना कीमती समय और कमाई गंवा रहे हैं।

कार्ड डिटेल चोरी से लेकर ब्लैकमेलिंग तक का खतरा

साइबर सेल के अनुसार, स्कैमर्स ऑनलाइन गेमिंग के जरिए यूजर्स की आईडी, क्रेडिट और डेबिट कार्ड की जानकारी चुरा रहे हैं, वहीं साइबर बुलिंग और ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश में ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था, जो आसान जीत का झांसा देकर युवाओं को फंसाता था और खेल की हार-जीत खुद नियंत्रित करता था। वहीं, महादेव बेटिंग ऐप जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म पर पोकर, कार्ड और चांस गेम्स के नाम पर ठगी के मामले चर्चा में रहे हैं।

ठगी होने पर तुरंत डायल करें 1930

साइबर सेल शिमला ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए ये जरूरी सावधानियां बरतने को कहा है:

  • गेमिंग ऐप के पब्लिशर की जानकारी जरूर जांचें और निजी विवरण साझा करने से बचें।

  • आकर्षक सब्सक्रिप्शन ऑफर्स तथा ई-मेल या मैसेज में आए संदिग्ध लिंक्स पर क्लिक न करें।

  • क्रेडिट व डेबिट कार्ड की डिटेल किसी से साझा न करें, मजबूत पासवर्ड रखें और डिवाइस में अच्छा एंटीवायरस इंस्टॉल करें।

  • किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed