Spread the love
रोहडू, 6 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति का पेंशनरों की लंबित देनदारियों और अधिकारों को लेकर चल रहा जनजागरण अभियान मंगलवार को डोडरा-क्वार के बाद रोहडू पहुंचा। समिति के प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा की अगुवाई में पदाधिकारियों ने रोहडू में पेंशनरों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान सरकार के प्रति पेंशनरों में रोष देखने को मिला।रोहडू ब्लॉक पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक अनुपम होटल में हुई। बैठक की अध्यक्षता सह संयोजक ओंकार मच्छान ने की, जबकि पूर्व प्रधान विद्या नंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने सरकार से पेंशनरों की लंबित देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पेंशनर दोबारा सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।
भूप राम वर्मा ने कहा कि समिति प्रदेशभर में गांव-गांव जाकर पेंशनरों को उनकी देनदारियों और अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान पेंशनरों में सरकार के प्रति भारी आक्रोश और पीड़ा सामने आ रही है। उन्होंने पेंशनरों से अपील की कि जब भी उनके विधानसभा क्षेत्र में मंत्री या विधायक प्रवास पर आएं तो उन्हें लंबित देनदारियों और अन्य समस्याओं से अवगत करवाएं।उन्होंने कहा कि 18 सितंबर को बिलासपुर में प्रदेश के 18 संगठनों की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत चतुर्थ चरण का अभियान शिमला जिले के कोटखाई से शुरू किया गया है। संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज किया जाएगा और पंचायत स्तर पर छोटी समितियां गठित कर जनजागरण को गति दी जाएगी।
समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक 18 संगठनों की समिति को सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में वार्ता के लिए नहीं बुलाया जाता और 17 सूत्रीय मांगपत्र पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो इसे और उग्र किया जाएगा। बैठक में दौलत चौहान, बुध राम आजाद, भोपाल ठाकुर, रणधीर चौहान, डॉ. रामेश्वर शर्मा, डी.डी. कल्याण समेत कई पेंशनर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed