Spread the love

शिमला | हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर कांग्रेस के नए अध्यक्ष का फैसला आप दिल्ली में होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 19 मई सोमवार को कैबिनेट की बैठक कर रहे हैं। इसके बाद 21 मई को संभवतया वह दिल्ली जा सकते हैं। 22 में से 25 मई तक दिल्ली में मुख्यमंत्री की इस बार ज्यादा व्यस्तता है। हिमाचल के मसलों पर दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े बैठक लेंगे, जिसमें हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल भी होंगी। हिमाचल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर प्रतिभा सिंह कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं और अब नए अध्यक्ष पर फैसला होना है। राज्य में पीसीसी पहले ही भंग की जा चुकी है, इसलिए नई टीम का गठन भी होने जा रहा है।

दूसरी तरफ सुखविंदर सिंह सुक्खू के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री का एक पद खाली है। कांग्रेस को संगठन चुस्त करने के लिए यदि किसी मंत्री को अध्यक्ष बनाना हो, तो मंत्रिमंडल में एक और पद खाली हो सकता है। इसलिए मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर मंत्रियों के विभागों में बदलाव तक की संभावनाएं बन रही हैं। इस सरकार को ऑपरेशन लोटस से बचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का नाम भी मंत्रिमंडल के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। इसलिए दिल्ली की यह बैठक महत्त्वपूर्ण रहने वाली है। कांग्रेस की नई प्रभारी रजनी पाटिल दो बार राज्य का दौरा कर चुकी हैं और पार्टी के नेताओं से लेकर कैबिनेट मंत्रियों से अलग-अलग वार्ता की प्रक्रिया पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद अब पार्टी हाइकमान ने सिर्फ फैसला लेना है।

इस बार लंबा दिल्ली प्रवास

मुख्यमंत्री का दिल्ली प्रवास इस बार लंबा रहने वाला है। एक तरफ 22 मई को पार्टी हाइकमान के साथ बैठक हो सकती है, वहीं 23 मई को 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष के डा. अरविंद पनगढिय़ा के साथ मुख्यमंत्री की मुलाकात है। इसमें हिमाचल का पक्ष मजबूत करने के लिए एडिशनल मेमोरेंडम भी दिया जा रहा है। इसी दौरे के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से बैठक करने की तैयारी भी चल रही है। इसके बाद 25 मई तक नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। बैठक में सीएम उपस्थित रहेंगे।

You missed