Spread the love

शिमला। राजधानी शिमला में राज्यस्तरीय हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्‍यत्‍व दिवस के 50 साल स्‍वर्णिम जयंती के रूप में मना रहा है। कार्यक्रम तय समय से थोड़ा देरी से शुरू हुआ। 11:28 बजे प्रदेश के राज्‍यपाल बंडारू दत्‍तात्रेय ने राष्‍ट्रीय ध्‍वजारोहण किया। इसके बाद उन्‍होंने परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह शामिल नहीं हुए। लेकिन वह वर्चुअली कार्यक्रम काे संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा कार्यक्रम के व‍िशिष्‍ट अतिथि हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री अनुराग ठाकुर सहित प्रदेश सरकार के सभी मंत्री मौजूद रहे।

स्वर्णिम हिमाचल का आगाज कार्यक्रम के अध्यक्ष राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ और राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने खुली जीप से परेड का निरीक्षण किया, जिसमें पुलिस अर्धसैनिक बल, एनसीसी व एनएसएस की टुकड‍ि़यां मौजूद थी। इस अवसर मास्क पहन कर पुलिस बल, अर्धसैनिक बल, एनसीसी और एनएसएस के जवानों द्वारा भव्य मार्च पास्ट पेश किया गया। परेड की कमान प्रणव चौहान के हाथ में रही। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और इसके बाद राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हिमाचल प्रदेश के स्वर्णिम पचास वर्षों को दर्शाती प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व अन्य मौजूद थे। इसमें नई राहें नई मंजिलों के तहत विकसित किए जाने वाले क्षेत्रों और जलक्रीड़ा आदि को दर्शाया गया है। लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जल शक्ति विभाग की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। पचास वर्षों के दौरान विकास के नए आयाम को दर्शाया गया है।

You missed