कोटगढ़। वन मंडल कोटगढ़ के अंतर्गत कांगल और आहार बीट में लगी भीषण आग से लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई है। जंगलों में आग फैलने से वन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग ने अग्निशमन विभाग की सहायता ली है, जबकि स्थानीय लोग भी आग बुझाने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।आहार बीट की बीट गार्ड कुसुम शर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने में जुटी है। हालांकि, कुछ हिस्सों में आग बुझने के बाद दोबारा भड़क उठी, जिससे चुनौती और बढ़ गई है।
वहीं, कांगल बीट में आग ने अभी भी विकराल रूप धारण किया हुआ है। वन विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए प्रयास कर रही हैं। जंगल में आग फैलने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आग बुझाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास जारी हैं।




