शिमला। डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों के लिए साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर संदिग्ध कॉल, लिंक, मैसेज और ऑनलाइन ऑफर से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी अब फिशिंग और यूपीआई फ्रॉड के अलावा डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, नौकरी के नाम पर ठगी, पहचान की चोरी, सेक्सटॉर्शन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए आवाज की नकल व डीपफेक वीडियो जैसे हथकंडे अपना रहे हैं। ठग लोगों को डराकर, जल्दबाजी का दबाव बनाकर या किसी अधिकारी व भरोसेमंद संस्था का प्रतिनिधि बनकर गोपनीय जानकारी और पैसे हासिल करने की कोशिश करते हैं।
संदिग्ध कॉल और मैसेज की संचार साथी पर करें रिपोर्ट
पुलिस ने नागरिकों को भारत सरकार के संचार साथी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके चक्षु फीचर के माध्यम से संदिग्ध कॉल, एसएमएस और व्हाट्सऐप संदेशों की रिपोर्ट की जा सकती है। इसके अलावा अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी प्राप्त करने और मोबाइल चोरी या गुम होने पर सीईआईआर सुविधा के माध्यम से उसे ब्लॉक कराने का अनुरोध भी किया जा सकता है।ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करने के साथ संबंधित बैंक को सूचित कर खाते और लेनदेन को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए। साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज करवाई जा सकती है।
ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें
पुलिस ने लोगों को ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है। पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती। अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने, संदिग्ध लिंक खोलने और अज्ञात स्रोत से एपीके या रिमोट एक्सेस एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचने को कहा गया है।डिजिटल अरेस्ट या पुलिस कार्रवाई के नाम पर धमकी मिलने पर घबराने के बजाय संबंधित अधिकारी और संस्था की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करें। निवेश, नौकरी और कस्टमर केयर से जुड़े संदिग्ध प्रस्तावों की भी आधिकारिक माध्यमों से जांच करें।
एआई और डीपफेक के जरिए भी हो रही ठगी
हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार तिवारी ने साइबर सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।साइबर अपराध अन्वेषक एवं एएसपी नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि अपराधी लोगों के विश्वास और भय का फायदा उठाने के साथ एआई तकनीक का दुरुपयोग भी कर रहे हैं। उन्होंने अनजान एप्लीकेशन इंस्टॉल नहीं करने और डिजिटल अरेस्ट या पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर पैसे मांगने वालों के झांसे में नहीं आने की सलाह दी।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग के जोखिम और निजी जानकारी साझा करने के नुकसान के प्रति जागरूक करने की अपील की है। सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें, पारिवारिक जानकारी और लाइव लोकेशन सार्वजनिक करने से बचने की सलाह भी दी गई है।
