शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते राजकोषीय घाटे को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के वित्तीय प्रबंधन और बजट नियोजन के दावे वास्तविक आंकड़ों से मेल नहीं खा रहे हैं। जयराम ठाकुर के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में राजकोषीय घाटे का अनुमान 9,648 करोड़ रुपये रखा गया था, लेकिन आठ महीनों में यह बढ़कर 13,836 करोड़ रुपये पहुंच गया। उन्होंने इसे 43.4 फीसदी की वृद्धि बताते हुए सरकार की वित्तीय व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि निर्धारित अनुमान से 2,529 करोड़ रुपये अधिक केंद्रीय सहायता मिलने के बावजूद घाटे में इतनी बढ़ोतरी समझ से परे है। उनके अनुसार, केंद्र से केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के तहत 2,229 करोड़ रुपये और अन्य मदों में 300 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिले, इसके बावजूद प्रदेश की वित्तीय स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने वर्ष 2025-26 में अनुपूरक बजट के 40,461 करोड़ रुपये तक पहुंचने का हवाला देते हुए बजट नियोजन पर भी सवाल खड़े किए। यह राशि मूल बजट का 69.01 फीसदी थी। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार अपने दो बजटों में पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित राशि का केवल 75 फीसदी खर्च कर पाई, जबकि करीब 25 फीसदी धनराशि विकास कार्यों पर खर्च नहीं हो सकी।
जरूरी क्षेत्रों के बजट में कटौती का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बिजली, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बजट में भारी कटौती की है। जयराम ठाकुर के अनुसार, विद्युत क्षेत्र में 56.12 फीसदी, जलापूर्ति में 42 फीसदी, प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा में 44 फीसदी, स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद में 47 फीसदी और ग्रामीण विकास में 52 फीसदी कटौती की गई है। वहीं, सामाजिक कल्याण के बजट में 62 फीसदी कमी का दावा भी उन्होंने किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश सरकार वर्ष 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, तो राजकोषीय घाटा लगातार क्यों बढ़ रहा है। जयराम ठाकुर ने वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
