Spread the love

सोलन : हिमाचल के सोलन स्थित नौणी में 10 अक्टूबर को होने वाले भाजपा के पंच परमेश्वर कार्यक्रम में सिर्फ स्थानीय निकायों के जन प्रतिनिधियों को ही एंट्री दी जाएगी। सभा स्थल में नाम के साथ कुर्सियां लगाने की योजना है। इस कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के करीब 2500 पंच परमेश्वरों यानी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत, जिला परिषद व पंचायतों के भाजपा से जुड़े प्रतिनिधियों को बुलाया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा व प्रदेश चुनाव प्रभारी सौतान सिंह भी शामिल होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आने की संभावना भी है। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर पार्टी नेताओं की बैठक के दौर चल रहे हैं। गुरुवार को पार्टी कार्यालय में जिला के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें उन्हें कार्यक्रम आयोजन के संबंध में जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

शुक्रवार को भी पार्टी के शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया और मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर ने अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। भाजपा नेताओं की कोशिश है कि पार्टी से जुड़े सभी जन प्रतिनिधियों को कार्यक्रम में लाया जाए। पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा के साथ इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आने की भी संभावना है।

यह कार्यक्रम शाम को करीब 4 बजे शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में सिर्फ पंच परमेश्वरों को ही एंट्री मिलेगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष जन प्रतिनिधियों से मिलकर उन्हें आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का प्लान समझाएंगे। यह भी बताएंगे कि किस तरह केंद्र और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को लोगों तक पहुंचाना है।

By Ashwani

You missed