Spread the love

नाहन। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए सुरक्षित सीट तलाशनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले हमीरपुर नहीं जाते थे, लेकिन अब हर सप्ताह वहां जा रहे हैं। जयराम ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद दिल्ली की दौड़ शुरू हो गई है और हार का ठीकरा मंत्रियों पर फोड़ा जा रहा है। पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में सोमवार को भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्य रोकने और संस्थान बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश पिछले चार वर्षों में चार दशक पीछे चला गया है। निकाय और पंचायतीराज चुनाव का परिणाम सिर्फ ट्रेलर है, विधानसभा चुनाव की फिल्म अभी बाकी है।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव टालने के लिए प्रदेश सरकार अदालत तक गई, जबकि भाजपा सरकार ने कोविड काल में भी चुनाव करवाए थे। जयराम के अनुसार पंचायत चुनाव में करीब 70 प्रतिशत प्रतिनिधि भाजपा समर्थित चुने गए। जिला परिषद के 11 में से 10 अध्यक्ष भाजपा के बने और चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा के मेयर चुने गए। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में खोले गए करीब 2,500 संस्थान बंद किए गए तथा महिलाओं और युवाओं से किए वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने सरकार पर चार वर्षों में एक लाख 20 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने का भी आरोप लगाया। समारोह में सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता समेत अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed