शिमला। हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है। समिति ने चेतावनी दी है कि 17 सूत्री मांगपत्र पर कार्रवाई नहीं हुई तो 12 नवंबर से सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, 25 और 26 नवंबर को धर्मशाला में होने वाले शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा घेराव की रणनीति भी बनाई गई है।इसी कड़ी में समिति के प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा की अगुवाई में छह सदस्यीय टीम 23 से 26 अक्तूबर तक शिमला ग्रामीण, सोलन और सिरमौर जिलों के चार दिवसीय दौरे पर रहेगी। इस दौरान पेंशनरों को उनकी लंबित देनदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ जनजागरण और सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
साढ़े तीन साल बाद भी नहीं मिली देनदारियां
भूप राम वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों में पेंशनरों को छठे वेतन आयोग की देनदारियों का भुगतान करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार फिजूलखर्ची कर रही है, वहीं दूसरी ओर पेंशनरों के लिए खजाना खाली होने की बात कही जा रही है। इससे पेंशनरों में नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने सरकार से दिवाली से पहले 15 फीसदी महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की किस्त इसी माह के वेतन और पेंशन के साथ जारी करने की मांग की, ताकि त्योहार से पहले यह राशि पेंशनरों और कर्मचारियों के खातों में पहुंच सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं होने से भी पेंशनर परेशान हैं।
18 संगठनों की मांगों को लेकर आंदोलन
समिति ने 18 सितंबर को बिलासपुर में सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया था कि 18 पेंशनर संगठनों की मांगों से जुड़े 17 सूत्री मांगपत्र पर सरकार ने 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसी निर्णय के तहत समिति विभिन्न जिलों में जाकर पेंशनरों को लामबंद कर रही है। आगामी दिनों में मंडी और कुल्लू जिलों में भी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
कोहबाग से शुरू होगा दौरा
समिति के तय कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्तूबर को टूटू ब्लॉक के कोहबाग में, 24 अक्तूबर को सोलन जिला मुख्यालय में और 25 व 26 अक्तूबर को सिरमौर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में बैठकें और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भूप राम वर्मा ने पेंशनरों से एकजुट रहने और अपने हकों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए तैयार रहने की अपील की है।
