शिमला। हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक और बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश सरकार ने ‘स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021’ में संशोधन को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस संशोधन के तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSUs)— एनएचपीसी (NHPC), एसजेवीएन (SJVN) और एनटीपीसी (NTPC) द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद प्रदेश को मिलने वाली मुफ्त बिजली रॉयल्टी में बड़ी बढ़ोतरी की जाएगी।
40 साल बाद 50% रॉयल्टी, 50 साल बाद मुफ्त में हिमाचल के होंगे प्रोजेक्ट
संशोधित प्रावधानों के अनुसार, केंद्रीय उपक्रमों की जलविद्युत परियोजनाओं को संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य सरकार को 50 प्रतिशत की बढ़ी हुई दर से मुफ्त बिजली रॉयल्टी देनी होगी। इसके अतिरिक्त, परियोजना के संचालन के 50 वर्ष पूरे होने पर संबंधित परियोजनाएं सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त होकर बिना किसी लागत के सीधे राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। इन प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।
संशोधन के दायरे में आएंगी प्रदेश की यह 9 बड़ी परियोजनाएं
वर्तमान नीति के तहत पहले 12 वर्षों तक 12%, अगले 18 वर्षों तक 18% और शेष 10 वर्षों तक 30% मुफ्त बिजली मिलती है, लेकिन पहले से संचालित केंद्रीय परियोजनाओं पर रॉयल्टी बढ़ाने का मामला फंसा हुआ था। अब इस संशोधन से प्रदेश की कई प्रमुख परियोजनाएं इसके दायरे में आएंगी:
-
NHPC की परियोजनाएं: बैरा स्यूल (जो 1982 में शुरू हुई थी और 40 वर्ष पूरे कर चुकी है), चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3।
-
SJVN की परियोजनाएं: नाथपा झाकड़ी और रामपुर जलविद्युत परियोजना।
-
NTPC की परियोजना: कोल बांध (Koldam) जलविद्युत परियोजना।
‘जल संसाधनों पर हिमाचल का उचित हक सुनिश्चित करना जरूरी’: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जलविद्युत हिमाचल की आय का प्रमुख स्रोत है और सरकार प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों में राज्यवासियों की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में इस वृद्धि से राज्य का खजाना मजबूत होगा और विकासात्मक व जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।




