शिमला। हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण की आड़ लेकर क्या प्रदेश सरकार हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) को निजीकरण की ओर धकेल रही है? निजी कंपनियों से महंगी इलेक्ट्रिक बसें खरीदने और उन्हीं के हवाले मेंटेनेंस (रखरखाव) का काम सौंपने की कवायद पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि इस व्यवस्था के जरिए सरकार की मंशा निगम में कार्यरत मैकेनिकों और तकनीकी स्टाफ के पदों को धीरे-धीरे समाप्त करने की है।

‘एक ई-बस की कीमत में आ सकती हैं 4 से 5 टिकाऊ डीजल बसें’

संजय शर्मा ने सरकार की खरीद नीति पर हमला बोलते हुए पूछा कि जिस कीमत पर एक महंगी इलेक्ट्रिक बस खरीदी जा रही है, उतने बजट में पहाड़ की दुर्गम चढ़ाइयों पर चलने वाली 4 से 5 सस्ती और टिकाऊ डीजल बसें आसानी से खरीदी जा सकती हैं। ऐसे में सरकार पहाड़ी रास्तों के लिए मुफीद इस व्यावहारिक विकल्प से परहेज क्यों कर रही है? उन्होंने कहा कि 1,000 नई ई-बसें खरीदने से पहले सरकार को पूर्व में खरीदी गई 297 ई-बसों के रखरखाव का पूरा हिसाब सार्वजनिक करना चाहिए।

₹5.31 से ₹18 प्रति किलोमीटर भुगतान की शर्त पर घेरा

प्रस्तावित 12 वर्षीय रखरखाव अनुबंध की शर्तों पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआत में निजी कंपनी को ₹5.31 प्रति किलोमीटर भुगतान किया जाना है, जो अनुबंध की अवधि के विभिन्न चरणों में बढ़कर ₹18 प्रति किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। उन्होंने पूछा कि:

  • जब नई बसों के शुरुआती वर्षों में रखरखाव पर कम खर्च आता है, तो इतना महंगा भुगतान ढांचा किसके हित में तैयार किया गया है?

  • 12 वर्षों में इस दर से सरकारी खजाने पर पड़ने वाले कुल बोझ और दरों में बढ़ोतरी के फॉर्मूले को जनता के सामने रखा जाए।

  • क्या सरकार ने इस खर्च की तुलना HRTC द्वारा स्वयं रखरखाव करने की लागत से की है?

निगम की वर्कशॉप और कर्मचारियों के भविष्य पर संकट

संजय शर्मा ने कहा कि HRTC के पास दशकों का अनुभव, अपना प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ और वर्कशॉप का मजबूत नेटवर्क है। कर्मचारियों को नई तकनीक का प्रशिक्षण देने के बजाय निजी कंपनियों पर निर्भरता बढ़ाना निगम के तकनीकी ढांचे को खत्म करने जैसा है। उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में निजी कंपनी और निगम के बीच जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए दो टूक कहा कि HRTC हिमाचल की जनता की संपत्ति है, न कि निजी कंपनियों के मुनाफे का जरिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *