मंडी: हिमाचल सरकार का आने वाला बजट चुनावी बजट नहीं होगा, बल्कि यह हर वर्ग की जरूरत वाला होगा। जिसका लाभ कर्मचारियों से लेकर आम जनता तक को जरूर मिलेगा। बजट से सभी को उम्मीद रहती हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हमीरपुर के जोलसप्पड़ में मेडिकल कालेज भवन के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे कंप्यूटर शिक्षकों व आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बजट में नीति का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा उनकी सरकार का प्रयास रहेगा कि बजट में आम आदमी से कर्मचारी तक हर वर्ग को इसका फायदा हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश सरकार ने तीन मेडिकल कालेज हमीरपुर, चंबा व नाहन में डीपीआर बनाकर कार्य शुरू किए हैं, जिसमें हमीरपुर मेडिकल कालेज के भवन का कार्य तेजी से चल रहा है और इसका निर्माण कार्य अगस्त या सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा मेडिकल कालेज के छात्रों ने हास्टल की भी मांग रखी है, जिसे पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा केंद्र व राज्य सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने जा रही है। कोविड काल में कठिन समय में भी लाेगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में अब छह मेडिकल कालेज हो चुके हैं, जिनमें एक निजी मेडिकल कालेज भी है। हिमाचल एम्स अस्पताल बनकर तैयार हुआ है और पीजीआइ सेटेलाइट का स्थापित होना बड़ी बात है।
उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा केंद्र सरकार ने सराहनीय बजट पेश किया है और विधानसभा का बजट भी नजदीक है। हम उसमें भी हर वर्ग की उम्मीद के प्रति खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस नेताओं को विकास नजर नहीं आता है और भाजपा फील्ड में काम करती है, जिसका लाभ जनता को मिलता है। इस दौरान एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, उपायुक्त हमीरपुर देवश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक डाक्टर आकृति शर्मा, मेडिकल कालेज की प्राचार्य सुमन यादव सहित डाक्टर अनिल वर्मा भी मौजूद रहे।
