Spread the love
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम के प्रदेश महासचिव, प्रख्यात ट्रेड यूनियन नेता और कर्मचारी हितों के निर्भीक प्रहरी चंद्र सिंह मंडयाल का निधन हो गया। उनके निधन से पेंशनर फोरम समेत समूचे विद्युत बोर्ड परिवार और प्रदेश के ट्रेड यूनियन आंदोलन में शोक की लहर है। फोरम ने उनके निधन को कर्मचारी एवं पेंशनर हितों के लिए लंबे समय तक संघर्ष करने वाले एक समर्पित और सिद्धांतनिष्ठ नेतृत्व का अंत बताया है।फोरम के मुख्य संरक्षक इंजी. एस. एन. कपूर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चंद्र सिंह मंडयाल संगठन की आत्मा थे। सरल, स्पष्टवादी, निडर और सिद्धांतों पर अडिग मंडयाल ने कर्मचारी एवं पेंशनर हितों की रक्षा के लिए अनेक संघर्षों का नेतृत्व किया। उन्होंने अपने सौम्य व्यवहार, संगठन क्षमता और अटूट समर्पण से कर्मचारियों और पेंशनरों के बीच गहरा विश्वास और सम्मान अर्जित किया।
कपूर ने कहा कि मंडयाल ने अपना पूरा जीवन कर्मचारी और पेंशनर अधिकारों की आवाज बुलंद करने में समर्पित किया। उनका निधन पेंशनर फोरम और ट्रेड यूनियन आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।फोरम के राज्य अध्यक्ष इंजी. ई. ए. एस. गुप्ता, राज्य पदाधिकारियों, जिला इकाइयों और सदस्यों ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पदाधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed