हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को एक बार फिर सांसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी अध्यक्षता वाली कोयला, खान और इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति को भी वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 16वें संसद रत्न पुरस्कार समारोह में मूल रिपोर्टों की प्रस्तुति में उत्कृष्ट प्रदर्शन की श्रेणी में प्रदान किया गया। अनुराग के नेतृत्व वाली समिति इस वर्ष संसद के दोनों सदनों की चयनित चार संसदीय समितियों में शामिल है, जिन्हें संसद की प्रभावी निगरानी और उत्कृष्ट कार्य के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है।
अनुरागको इससे पहले 2019 में व्यक्तिगत रूप से संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2019 में ही उन्हें चैंपियंस ऑफ चेंज अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। 2011 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ युवा सांसद पुरस्कार, जबकि 2014 में विश्व आर्थिक मंच ने उन्हें यंग ग्लोबल लीडर के रूप में मान्यता दी थी।
64 बैठकें और 29 रिपोर्ट
अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कोयला, खान और इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने जून, 2024 से अब तक 64 बैठकें कर 29 व्यापक रिपोर्टें प्रस्तुत की हैं। समिति ने महत्वपूर्ण रणनीतिक विषयों पर गहन अध्ययन और समीक्षा की है, जिनमें केएबी आईएल के माध्यम से महत्त्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला की सुरक्षा, घरेलू खनिज अन्वेषण में तेजी, धुले कोयले के उत्पादन में वृद्धि, इस्पात क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तथा डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन फंड और प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषय प्रमुख हैं।
