शिमला। राजधानी शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में वीरवार को एक बंदर ने जमकर उत्पात मचाया। बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे एक व्यक्ति की जेब से बंदर 81,800 रुपये का पैकेट छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने लगा। यह नजारा देख परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।व्यक्ति की परेशानी देखकर कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तुरंत मदद की और पेड़ के नीचे बिखरे नोट इकट्ठा करने शुरू कर दिए। काफी मशक्कत के बाद अधिकांश रकम बरामद कर ली गई, लेकिन करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया। सरकारी कार्यालय परिसर में हुई इस घटना ने शिमला में बंदरों के बढ़ते उत्पात और लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
