Spread the love

कांगड़ा। सोल वनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय छात्र अभिलाष पुत्र संजय चौधरी की रविवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र 27 अगस्त की शाम घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन वह घर से कुछ दूरी पर बदहवास हालत में मिला था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।परिजनों के अनुसार अभिलाष जमा दो कक्षा में पढ़ता था। 27 अगस्त को शाम करीब चार बजे वह सोल वनेहड़ स्थित घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन के लिए निकला था। वह ट्यूशन सेंटर नहीं पहुंचा और देर शाम तक घर भी नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने लंबागांव थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक ने अभिलाष को पलाहनिया मोड़ के पास सड़क किनारे देखा। यह स्थान उसके घर से करीब 200 से 250 मीटर दूर बताया जा रहा है। युवक ने सोशल मीडिया पर उसकी गुमशुदगी की सूचना देखी थी। पहचान होने के बाद उसने पड़ोसी को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली।मौके पर पहुंचे परिजनों ने अभिलाष को बेहद खराब हालत में पाया। उसके पैरों में चप्पल नहीं थी और वह ठीक से चल या बोल नहीं पा रहा था। परिजन उसे जयसिंहपुर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस को दिए बयान में बताई दो अज्ञात लोगों की बात
उपचार के दौरान अभिलाष ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि दो अज्ञात लोग उसे एक ट्राले में ले गए थे। छात्र के अनुसार दोनों लोगों ने उसे कुछ पिलाया और बाद में छोड़ दिया। उसने पुलिस के सामने दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं होने की बात कही थी। परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान अभिलाष के लीवर और दोनों किडनियों पर गंभीर असर पड़ा। रविवार सुबह उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
छात्र की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उसने क्या पदार्थ लिया था और उसके शरीर पर इसका क्या असर हुआ, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अलग-अलग पहलुओं से जांच के लिए टीमें गठित की जाएंगी। छात्र के साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

You missed