शिमला| इस बार होने वाली पुलिस भर्ती में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण होगा। इस भर्ती में स्पेशल महिला कमांडो की भर्ती भी की जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को हमीरपुर में अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान गांधी चौक पर आयोजित जनसभा में की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के बढ़ते चलन को देखते हुए एंटी नारकोटिक्स पुलिस फोर्स की भर्ती की जाएगी, जिसमें 1200 से अधिक पुलिस जवान भर्र्ती होंगे। इसी भर्ती में महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसी भर्ती के दौरान प्रदेश में पहली बार महिला कमांडो फोर्स गठित की जाएगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों में वृद्धि करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व में 1100 करोड़ रुपए की वृद्धि का अनुमान है।
शराब के ठेकों की नीलामी से राज्य सरकार को 500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में जल्द ही राज्य चयन आयोग शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार 6000 अध्यापकों, 2000 से अधिक वन मित्रों के पद भरने जा रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश भर में 30 व 31 अक्तूबर को इंतकाल अदालतों का आयोजन किया, जिसके परिणाम बेहतर रहे तथा इंतकाल के लंबित 41,907 मामलों में से 31,105 का निपटारा कर दिया गया। आगामी पहली व दो दिसंबर को पुन: प्रदेश भर में इस प्रकार की विशेष अदालतों का आयोजन किया जाएगा, जिन्हें राजस्व लोक अदालत का नाम दिया गया है। इस विशेष अदालत में इंतकाल के साथ-साथ तकसीम के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
राज्य सरकार राजस्व से संबंधित लंबित मामलों को 20 जनवरी तक निपटाने का प्रयास कर रही है। राज्य सरकार प्रदेश को चार वर्षों में आत्मनिर्भर बनाने और 10 वर्षों में देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधवा महिलाओं और उनके बच्चों के लिए अगले बजट में सरकार विशेष योजना लाने जा रही है। ऐसे ग्रामीण, जिन्होंने एक भी पशु पाल रखा है और वे नेचुरल तरीके से खेती कर रहे हैं, उनके लिए सरकार ऐसा प्रावधान करने की योजना बना रही, ताकि वे घर बैठे ही 40 से 50 हजार रुपए महीने के कमा सकें। (एचडीएम)
कर्ज के बाद भी विशेष राहत पैकेज जारी किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 75 हजार करोड़ का कर्ज और सरकारी कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ की देनदारियां होने के बावजूद आपदा प्रभावितों के लिए 4500 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज जारी किया है। जिसके तहत आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सहायता राशि कई गुणा बढ़ा दी है।
बीबीएन ट्रस्ट की ओर से पांच करोड़ आपदा राहत कोष में
बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने आपदा राहत कोष के लिए बाबा बालक नाथ ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को पांच करोड़ रुपए का चेक भेंट किया। कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी आपदा राहत के लिए 89 लाख रुपए का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। पेंशनर संघ ने भी 71 हजार रुपए का चेक भेंट किया।
