Spread the love

शिमला/कुल्लू। सूबे में 18 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इस दौरान प्रदेश भर में धूप खिली रहेगी। हालांकि 16 से 18 जनवरी तक मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है। उधर, प्रदेश के कई इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के नौ दिन बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। जिला कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई बर्फीले क्षेत्रों में लोग परिवहन सेवाओं, बिजली और पानी से महरूम हैं। जिला शिमला के संपर्क मार्ग अभी भी यातायात के लिए बाधित हैं।

प्रदेश में 228 सड़कें बंद रहने से परिवहन निगम के 120 रूट प्रभावित हैं।एनएच 3 सरचू और एनएच 505 लोसर के पास बंद है। कुल्लू में हाइवे-305 बंद है। प्रदेश में 119 ट्रांसफार्मर ठप हैं। उपमंडल के साथ जिला मुख्यालय का संपर्क कट गया है। लोगों को मीलों तक पैदल सफर करना पड़ रहा है। लाहौल में भी मुख्य सड़कों के साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कें बर्फबारी से अवरुद्ध चल रही हैं।

जिला चंबा के बर्फीले इलाकों में बिजली गुल है। लोक निर्माण विभाग ने रविवार तक सभी सड़कों को यातायात के लिए बहाल करने का दावा किया है। वहीं, चौपाल, रिकांगपिओ और नेरवा के लिए परिवहन निगम की बसों की आवाजाही शुरू हो गई है।

You missed