मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के मोती बाजार में मिठाइयों के कारखाने में आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें गैस सिलेंडर ने एकाएक आग पकड़ ली, जिसके बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल मच गया। घटना दोपहर साढे बारह बजे की है। घटना में लाखों रूपए के नुक्सान की बात कही जा रही है। अग्निशमन विभाग को जैसे ही आग लगने की सूचना मिली तो विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। मिली जानकारी के अनुसार मंडी शहर के बीचोबीच मोती बाजार में मिठाइयों के कारखाने में गैस सिलेंडर में आग लग गई।
कारखाने में मौजूद वर्करों ने इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग मंडी को दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, नहीं तो रिहायशी इलाका होने की वजह से यहां पर कोई बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं मोती बाजार में स्थित स्थानीय बाशिंदों ने मिठाइयों के कारखाने का विरोध किया, स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां पर यह कारखाना चलाया जा रहा है वह इलाका रिहायशी है। यहां पर दिन-रात भठ्ठियां जली रहती है, जिससे यहां पर हर समय खतरा बना रहता है।
वहीं एसडीएम सदर रितिका जिंदल ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिस्थितियों का जायजा लिया, उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया में यह घटना सिलेंडर में आग लगने की प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि यदि यह कारखाना रिहायशी एरिया में चलाया जा रहा है तो इस पर उचित कार्यवाही की जाएगी।
