आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रभारी एवं पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने टिकट के तलबगारों का साक्षात्कार लिया। शिमला स्थित पार्टी कार्यालय में सोमवार को विधानसभा चुनाव में टिकट के तलबगारों से अलग-अलग बातचीत की और उनका विजन, काम और योजना के बारे में जाना। चुनाव में उनकी क्या रूपरेखा है। उनका टिकट मांगने का आधार क्या है, इस पर भी चर्चा हुई। जिन विधानसभा क्षेत्रों में ज्यादा दावेदार हैं, उनसे अलग-अलग बातचीत हुई।आप हिमाचल में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही है। पार्टी का कहना है कि टिकट के दावेदारों का लेखा जोखा जांचा जा रहा है। उसके बाद ही टिकटों की घोषणा करेगी। मंगलवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जा रही है। पहली सूची में चार उम्मीदवारों को उतारा जा चुका है। इनमें पांवटा साहिब से मनीष ठाकुर, फतेहपुर से डा. राजन सुशांत, नगरोटा बगवां से उमाकांत डोगरा, लाहुल स्पीति से सुदर्शन जस्पा शामिल हैं।
आप की नजर भाजपा व कांग्रेस के बागियों पर
आप की नजर भाजपा और कांग्रेस के बागियों पर भी है। ऐसे नेता जो इन दलों को छोड़ते हैं उन्हें आप में शामिल किया जाएगा। यही कारण है कि आप भी अभी तक अपने उम्मीदवार फाइनल नहीं कर रही है।
भाजपा व कांग्रेस नेताओं का आप में स्वागत
हिमाचल प्रभारी, आम आदमी पार्टी हरजोत बैंस ने कहा भाजपा और कांग्रेस से जो आप में आएंगे, उनका स्वागत है। लेकिन जो आप के विचारों से मेल खाते हैं उन्हें ही लिया जाएगा।
