Spread the love

शिमला | हिमाचल प्रदेश में दो-तीन दिनों के बाद फिर से मौसम ने करवट बदली है। राजधानी शिमला में आसमान पर बादल छाए रहे और बीच में हल्की से बूंदाबांदी भी हुई। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। शिमला, कुल्लू, मंडी व चंबा में कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की सूचना है। मैदानी इलाकों में पूरा दिन मौसम साफ बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो प्रदेश के किन्नौर, लाहुल-स्पीति, चंबा, सिरमौर व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को भी गर्जन के साथ कई स्थानों पर बारिश होगी। राज्य में 10 से 14 अक्तूबर के बीच मौसम साफ बना रहेगा। प्रदेश में मंगलवार को दिन की शुरुआत धूप खिलने के साथ हुई थी।

मगर दोपहर के समय पहाड़ों पर कई स्थानों पर बादल घिरने शुरू हो गए थे। एक बजे के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बंूदाबांदी हुई। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी मौसम साफ बना रहा, जिससे मैदानी इलाकों में रात के समय भी जमकर गर्मी पड़ रही है। पांवटा साहिब व देहरा गोपीपुर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री से अधिक चल रहा है। धौलाकुंआ में पारा 20 डिग्री चल रहा है। बिलासपुर, नाहन व नेरी में पारा 18 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश के किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू व चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को भी बारिश होगी जबकि दस से 14 अक्तूबर के बीच राज्य में मौसम साफ बना रहेगा। आने वाले दिनों में अब ठंड बढ़ेगी। पिछले कुल दिनों से मौसम में काफी गर्माहट महसूस हो रही थी लेकिन अब ठंड बढऩी शुरू हो गई है, जो लगातार बढ़ती रहेगी। इस दौरान अच्छी बारिश हो जाती है तो ज्यादा ठंडक बढ़ेगी।

You missed