शिमला | हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 18 अगस्त से शुरू होने वाले मानसून सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया कि सभी प्रवेश पत्र इस बार ऑनलाइन की बजाय हस्तलिखित जारी किए जाएंगे। प्रदेश विधानसभा ने राष्ट्रीय ई-विधान (नेवा) प्रणाली को अपनाया है, लेकिन इसके पूर्ण क्रियान्वयन में समय लगने के चलते यह निर्णय लिया गया। मानसून सत्र में 900 पुलिस जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।
बैठक में तय हुआ कि विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिकारी दीर्घा पास, स्थापना पास तथा प्रेस संवाददाताओं को जारी पास प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, ताकि सुरक्षा जांच में समय न लगे। किसी भी पास धारक द्वारा पास को किसी अन्य को स्थानांतरित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी पास धारकों को अपने शासकीय पास पर पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी, अन्यथा प्रवेश नहीं मिलेगा।
