शिमला | हिमाचल प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आईबी नेगी का देहांत हो गया है। वे 93 वर्ष के थे। प्रदेश के प्रथम डीजीपी रहे नेगी एक विद्वान-चिंतक और किन्नौर के मूल निवासी थे। आईबी नेगी हिमाचल प्रदेश से यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर बने पहले डायरेक्ट आईपीएस अधिकारी थे। पुलिस मुख्यालय ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि नेगी का जन्म 31 अक्तूबर 1932 को किन्नौर जिले के सांगला गांव में हुआ था। वे 1958 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी थे और उत्तर प्रदेश कैडर से संबंध रखते थे। अपने लंबे और गौरवपूर्ण कॅरियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक आईबी नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आईबी नेगी ने पुलिस में विभिन्न पदों पर बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि वह एक उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी थे और पुलिस विभाग उनकी अतुलनीय सेवाओं को सदैव याद रखेगा।नेगी ने उत्तर प्रदेश में राज्यपाल के एडीसी के रूप में सेवाएं दीं और नैनीताल व लखीमपुर खीरी में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया। वे लखनऊ में एसपी, सीआईडी, उत्तर प्रदेश के पद पर भी रहे। उन्होंने अर्द्धसैनिक बलों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया, जिसमें आईटीबीपी और एसएसबी में उत्तर पूर्व सीमांत क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में तैनाती शामिल थी। वे बोकारो में डीआईजी, सीआईएसएफ के रूप में भी कार्यरत रहे।
