शिमला। राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस इस बार 15 अप्रैल को ट्राइबल जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में मनाया जाएगा। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तिरंगा फहराएंगे और उनके साथ राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भी मौजूद रहेंगे। इसको लेकर सेके्रटरी सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी की है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी अलग-अलग मंत्री और अधिकारी ध्वजारोहण करेंगे। हिमाचल दिवस समारोह में हमीरपुर में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, शिमला में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, कांगड़ा के धर्मशाला में कृषि मंत्री चंद्र कुमार, सिरमौर की नाहन में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान, ऊना में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मंडी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, चंबा में टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी, लाहौल स्पीति में आयुर्वेद मंत्री यादवेंद्र गोमा, सोलन में टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के वाइस चेयरमैन आरएस बाली और कुल्लू में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
