Spread the love

शिमला। भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन सेब बागबानों की चिंता बढ़ गई। शिमला में शाम के सयम मूसलाधार बारिश के साथ तेज तूफान चला, जबकि धर्मशाला, रामपुर, मंडी, कुल्लू और सिरमौर सहित कई क्षेत्रों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया। धर्मशाला में दोपहर बाद हुई हल्की बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और पर्यटक भी मौसम का आनंद लेते नजर आए। प्रदेश के सात जिलों में लू जैसे हालात बने रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 24 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय होगा। शनिवार को किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोडकऱ बाकी दस जिलों में आंधी और तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 31 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। दो जून तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रहने के आसार हैं।

ओलों से सेब पर दाग

शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि ने ऊपरी क्षेत्रों में सेब की फसल को नुकसान पहुंचाया। मंडी जिला के करसोग के डींग और कथेड़, शिमला के थ्रोला, खड़ापत्थर और रोहड़ू के शरोंथा क्षेत्र में ओलावृष्टि से सेब के दाने दागी हो गए। कई जगह सेब को बचाने के लिए लगाए गए एंटी हेल नेट भी काम करने लायक नहीं रहे।

अधिकतम तापमान

शहर पारा गिरावट

ऊना 39.6 -3.6
सुंदरनगर 34.9 -2.3
मंडी 34.9 -2.1
नाहन 33.2 -3.8
बरठीं 33.2 -4.1
कांगड़ा 32.5 -4.3
धर्मशाला 30.0 -5.0
शिमला 25.0 -4.0
मनाली 24.6 -4.8
कल्पा 21.4 -2.4

You missed