शिमला/कुल्लू | प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अब बारिश का दौर 26 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान कुछ मैदानी इलाकों में बारिश नहीं होगी, लेकिन मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तूफान चलने और बारिश होने की संभावना है। राजधानी शिमला में मंगलवार को दोपहर बाद मौसम ठंडा हो गया था वहीं शाम को यहां हलका तूफान भी चला। मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, शिमला, कुल्लू व लाहुल-स्पीति जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 23 व 24 मई को कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का अंदेशा है, जिन स्थानों पर पिछले 24 घंटे में बारिश हुई है उनमें निचार में 12.0, सांगला में 11.4, कुकुमसेरी में 9.6, कल्पा में 6.0, रिकांगपिओ में 3.0, श्रीनयनादेवी में 2.0 व केलांग में 1.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। कल्पा, जुब्बड़हट्टी व सुंदरनगर में तूफान चलने की सूचना है।
पिछले 24 घंटों में तापमान की बात करें तो शिमला का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री रहा है, जबकि सुंदरनगर का 36.5, भुंतर का 35.4, कल्पा का 24.8, धर्मशाला का 34.1, ऊना का तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। इनके अलावा नाहन में 33.9, केलांग में 21.2, सोलन में 33.6, मनाली में 28.4, कांगड़ा का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा है।
