सोलन : हिमाचल के सोलन में बीती शाम अचानक तेज बारिश हुई। जबकि दिन में धूप खिली रही। इससे शहर के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन साथ ही लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज जिले में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
बारिश से आसपास के क्षेत्रों में टमाटर उत्पादक किसानों को नुकसान हो सकता है, क्योंकि आजकल टमाटर की फसल तैयार हो गई है और इसकी तुड़ाई का समय हो रहा है। 2 दिनों से सोलन सहित आसपास के क्षेत्रों में धूप खिली थी। इससे उमस भरी गर्मी पैदा हो गई थी। मंगलवार शाम को हुई तेज बारिश से गर्मी से राहत मिली है।
बागवानी व वानिकी यूनिवर्सिटी नौणी के पर्यावरण विभाग ने किसानों को चेताया है कि बारिश के कारण बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए खुले खेतों में न जाएं। विभाग के प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. MS जांगड़ा ने कहा कि मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। आज बुधवार को भारी बारिश होने की संभावना है।
