कुल्लू में उपायुक्त कार्यालय के बाहर सीटू और सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के मुद्दों की अनदेखी कर रही है और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गई तथा सोनम वांगचुक की रिहाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई गई।
उन्होंने कहा कि लगातार फीस वृद्धि, सरकारी शिक्षण संस्थानों की उपेक्षा, निजीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। एसएफआई इन नीतियों का विरोध करती है और छात्रों के संघर्ष के साथ खड़ी है। राहुल विद्यार्थी ने मांग की कि राष्ट्रीय स्तर पर सामने आए परीक्षा घोटालों और पेपर लीक के मामलों की सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शिक्षकों की नियुक्तियों से जुड़े कथित मामलों की न्यायिक जांच कराने और विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और समान अवसर सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। साथ ही छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संगठनों से जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में आगे आने की अपील भी की।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली के धरना स्थल से हटाए जाने के विरोध में सोमवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने बड़सर में विरोध रैली निकाली। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-कार्यकर्ता राजकीय महाविद्यालय बड़सर से गारली चौक तक करीब तीन किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए पहुंचे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना संगठन की जिम्मेदारी है। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह पूरे प्रदर्शन के दौरान बना रहा। पुलिस की मौजूदगी में रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। रैली में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष रुद्राक्ष, राजकीय महाविद्यालय बड़सर इकाई के अध्यक्ष मनदीप, अरुण, अर्पित, सोहित बन्याल, अभिष, प्रिंस सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
