शिमला| सूबे में हिमाचल कांग्रेस संचालन समिति अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बावजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा प्रदेश में सभी प्रत्याशियों के लिए विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। यह बात आनंद शर्मा ने बुधवार को शिमला पहुंचने के बाद स्वयं कहीं। उन्होंने कहा कि इस्तीफे की बात उनके और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच की है। उन्होंने नाराजगी की बात पार्टी के प्लेटफॉर्म पर रखी है।शिमला में आनंद शर्मा का स्वागत करते हुए कांग्रेस नेता।
आनंद शर्मा ने कांग्रेस छोड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि उन्होंने जीवन के 51 साल पार्टी के लिए समर्पित किए हैं। अब जीवन के सांयकाल में आकर कांग्रेस को छोड़ने का सोच भी नहीं सकते और वह कभी भी अपने विरोधियों के पक्ष में नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में यदि कहीं कोई इशू है तो कांग्रेस को एकजुट करेंगे और भाजपा को पटकनी देंगे।
स्वच्छ छवि के नेताओं को मिला चाहिए टिकट: आनंद
आनंद शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट केवल स्वच्छ छवि और जनता में पकड़ रखने वाले नेताओं को ही मिलना चाहिए। टिकट आवंटन का आधार किसी नेता से अच्छे संबंध नहीं होना चाहिए।
देश में कम-बेक करेगी कांग्रेस: आनंद
आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में कम-बेक करेगी। इसके लिए अनुभव और युवा पीढ़ी के जोश का साथ चलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक संतुलित मिश्रण हमेशा विजय की ओर ले जाता है। कांग्रेस को हिमाचल और पूरे देश में पुनर्जीवित करने के लिए सामूहिक सोच और सामूहिक निर्णय की जरूरत है।
हिमाचल में भी योग्य व्यक्ति को आगे लाने पर जोर
हिमाचल में भी आनंद शर्मा ने योग्य और प्रतिभाशाली छवि के व्यक्ति को आगे लाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिस पर संगठन की सहमति हो उन्हीं की दावेदारी को आशीर्वाद मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा की जीवित करने के लिए लोगों के बीच जाना होगा।
जेपी नड्डा से अच्छे संबंध, इसलिए की मुलाकात
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके नड्डा से अच्छे संबंध रहे हैं। जेपी नड्डा और वह एक ही विश्वविद्यालय में पढ़े हैं। ऐसे में उनके आपसी मुलाकात पर तरह तरह से सवाल उठाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के लिए आज यह अच्छा होगा कि राजनीतिक कटुता न आए। उन्होंने पहले कभी राजनीति में कटुता आते नहीं देखी है।
अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा के लिए खतरा: शर्मा
आनंद शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सेना में भर्ती के लिए बनाई गई अग्निपथ योजना से देश की सुरक्षा के लिए आने वाले समय में बहुत बड़ा खतरा हो सकता है।
