दिल्ली : जल्द ही चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम बदलने वाला है. पंजाब और हरियाणा की सरकारें इस बात पर सहमत भी हो गई हैं. आने वाले दिनों में पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में बना इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक नए नाम से जाना जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 93वें संस्करण को संबोधित कर रहे हैं. पीएम नरेन्द्र मोदी ने रेडिया कार्यक्रम मन की बात में कहा कि देश के कोने-कोने से लोगों ने चीतों के लौटने पर खुशियां जताई हैं. सभी का सवाल है कि चीतों को देखने का अवसर कब मिलेगा.
उन्होंने कहा कि चीतों के लिए एक टास्क फोर्स बनी है, जो इनकी निगरानी कर रही है. जैसे ही ये माहौल में घुल-मिल जाएंगे तो इन्हें देखने का मौका मिलेगा. प्रधानमंत्री ने मन की बात में माय गोव ऐप पर चीतों का नाम सुझाने के लिए कहा. पीएम मोदी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि के रूप में यह निर्णय लिया गया है कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा.
पीएम मोदी ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद ए आजम भगत सिंह के नाम पर करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि इसकी लम्बे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी. मैं चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और देश के सभी लोगों को इस निर्णय की बहुत-बहुत बधाई देता हूं. उन्होंने आगे कहा कि आज से तीन दिन बाद, यानी 28 सितम्बर को अमृत महोत्सव का एक विशेष दिन आ रहा है. इस दिन हम भारत मां के वीर सपूत भगत सिंह जी की जयंती मनाएंगे.
