शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा, विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सोमवार को बताया कि कोरोना महामारी के कारण लोकसभा और राज्यसभा की तर्ज पर ही हिमाचल विधानसभा सत्र तय किया जाएगा। साथ ही जो भी संवैधानिक आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से देश के लिए 20 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज हर वर्ग के लिए हितकारी है। इससे पेंशन धारकों तथा महिलाओं को उनके खातों में सीधा पैसा जमा किया जा रहा है।
इसी प्रकार से हिमाचल सरकार द्वारा मजदूरों को दो हजार रुपये की किस्त भी सीधे बैंक खातों में जमा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अनलॉक की स्थिति में हमें सभी जरूरी मानकों एवं सलाहों को अपनाना अपने जीवन का अनिवार्य अंग बनाना है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, आवश्यकता हो तभी घर से निकले और दो मीटर की दूरी बनाएं रखें।
