बिलासपुर । जिले की प्रतिष्ठित डेयरी कंपनी व्यासधेनु के दही के पैकेट पर उत्पादन तिथि अगले दिन की अंकित होने से लोग हैरान रह गए। 12 जून को बाजार में पहुंचे दही के पैकेट पर उत्पादन तिथि 13 जून अंकित थी। यानी दही को जिस दिन तैयार किया जाना था, उससे एक दिन पहले ही वह बाजार में पहुंच गया। उपभोक्ताओं ने मामले की जांच की मांग की है।
कई उपभोक्ताओं ने दुकानदारों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। लोगों ने बताया कि जब उन्होंने 12 तारीख को खरीदे गए दही के पैकेट पर नजर डाली तो उस पर 13 जून की उत्पादन तिथि अंकित थी। उपभोक्ताओं का कहना है कि कंपनी की यह लापरवाही केवल उपभोक्ताओं की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं है, बल्कि खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का भी घोर उल्लंघन है।
