मनाली | हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेत्री विद्या नेगी को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनोनीत कर दिया है। बीते करीब ढाई साल से महिला आयोग के अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था। विद्या नेगी जिला कुल्लू के मनाली के शनाग गांव की रहने वाली हैं। उनका मनोनयन तत्काल प्रभाव से तीन वर्ष की अवधि के लिए किया गया है। इस संबंध में प्रदेश सरकार की ओर से शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई।मनाली की विद्या नेगी वर्तमान में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं। वह कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहीं हैं। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विद्या नेगी को हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह पद महिला सशक्तीकरण, न्याय और समाज में उनकी गरिमा सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्या नेगी अपने अनुभव, संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प से महिला आयोग की कार्यक्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगीं तथा प्रदेश की महिलाओं की आशाओं-अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगी।
