शिमला | कांग्रेस पार्टी में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत लागू किया जाएगा। अभी तक इस सिद्धांत को सही तरह से लागू नहीं किया जा सका है, परंतु पार्टी हाईकमान ने अब साफ कह दिया है कि इस सिद्धांत पर अमल किया जाएगा। क्योंकि प्रदेश में मंत्रियों की भी दावेदारी पार्टी अध्यक्ष के लिए सामने आई है, इसलिए हाईकमान ने कह दिया है कि यदि किसी मंत्री को अध्यक्ष बनाया जाता है, तो उसे मंत्रिपद छोडऩा होगा। अभी तक यहां यही मामला चल रहा है और नेता अपना पद नहीं छोडऩा चाहते, मगर इस बैठक में यह साफ हो गया है।
अब यदि कांगे्रस हाईकमान किसी मंत्री को पार्टी का अध्यक्ष बनाती है, तो सरकार में एक मंत्रिपद और खाली हो जाएगा। पहले से एक मंत्री पद यहां खाली चल रहा है और एक अन्य मंत्री का पद भी मिल जाएगा। इससे फिर दो नेताओं को सरकार एक साथ एडजस्ट कर सकेगी। तब मुख्यमंत्री देखेंगे कि कौन-कौन से दो नेता मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं और इसके साथ ही मंत्रियों के विभागों में भी सीएम फेरबदल कर सकते हैं। संगठन पूरी तरह से निष्क्रिय है, मगर फिर भी कांग्रेस में चर्चा केवल नए अध्यक्ष को लेकर है, जिस पर कांग्रेस हाईकमान फैसला नहीं ले पा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली में डटे
मुख्यमंत्री सुक्खू बुधवार को भी दिल्ली में ही हैं और गुरुवार को शिमला लौटेंगे। उन्होंने मंगलवार और बुधवार दोनों दिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से दिल्ली में कई मामलों पर चर्चा की है। वह कुछ नेताओं से वहां पर मिले हैं। बताया जा रहा है कि कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह भी उनके साथ दिल्ली में ही हैं। क्योंकि मंत्रिमंडल का विस्तार करने की भी योजना है और सीएम चाहते हैं कि पार्टी हाइकमान उन्हें इस मामले में फ्री हैंड दे।
अध्यक्ष पद की दौड़ में
अध्यक्ष पद की दौड़ में मंत्रियों में रोहित ठाकुर और जगत सिंह नेगी के नाम सामने आ रहे हैं। इनके अलावा कुलदीप सिंह राठौर, विनोद सुल्तानपुरी, आशीष बुटेल व विनय कुमार का भी नाम है।
कांग्रेस प्रभारी से मिले प्रतिभा सिंह-विक्रमादित्य
कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली में हैं, जिन्होंने रजनी पाटिल से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा है, क्योंकि प्रभारी ने अपनी रिपोर्ट राहुल गांधी को देनी है। नेताओं से उन्होंने उनकी राय जान ली है। मंत्री वापस शिमला लौट आए हैं।
मजबूत नेता को अध्यक्ष बनाने पर सहमति
शिमला। हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री और संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि हिमाचल कांग्रेस का अध्यक्ष कोई मजबूत और कद्दावर नेता बनेगा। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं जिन्होंने दिल्ली में हुई बैठक में हिस्सा लिया है उन्होंने हाइकमान को अपनी राय से अवगत करा दिया है और वहां कद्दावर नेता को अध्यक्ष बनाए जाने की पैरवी की है। दिल्ली से लौटने के बाद मीडिया से अनौपचारिक बात करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बैठक में बड़े नेता को अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनी है और सरकार-संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
जल्द होगी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द ही हो जाएगी। दिल्ली में हाईकमान से हुई बैठक के बाद शिमला लौटने पर रोहित ठाकुर ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, केसी वेणूगोपाल से बैठक हुई है जिसमें सभी नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अपनी राय दी है। उनकी राय लेने के बाद अब उम्मीद है कि जल्दी ही प्रदेश में मजबूत और कद्दावर नेता को अध्यक्ष बना दिया जाएगा।
