Spread the love

देश में मिले मंकीपॉक्स के पहले मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. केरल के कोल्लम का रहने वाला 35 वर्षीय शख्स यूएई से लौटा था, उसे मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित पाया गया था. बीते 17 दिनों से तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा था. राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने रविवार को न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित देश के पहले मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. उसके सभी पैरामीटर्स स्थिर हैं. उसके  प्राथमिक संपर्कों के सैम्पल्स की टेस्टिंग की गई थी, सभी नेगेटिव पाए गए हैं.

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गत 12 जुलाई को राज्य में मंकीपॉक्स के पहले केस की पुष्टि करते हुए कहा था, ‘मरीज यूएई से लौटा है. उसमें मंकीपाॅक्स के लक्षण दिखने के बाद त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट पर उसका सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (National Institute of Virology, Pune) भेजा गया था. जांच में उसे मंकीपाॅक्स से संक्रमित पाया गया है.  डब्ल्यूएचओ. और आईसीएमआर की ओर से जारी दिशा.निर्देशों के अनुसार मरीज को त्रिवेंद्रम मेडिकल काॅलेज में आइसोलेट किया गया है.’

केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मंकीपॉक्स को लेकर गाइडलाइन जारी की है. देश और राज्य के पहले मरीज की हालत स्थिर है और उसके सभी अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. 17 दिन तक त्रिवेंद्र मेडिकल काॅलेज में आइसोलेट रहने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है. उसमें मंकीपाॅक्स के लक्षण अब नहीं दिख रहे हैं. उसके प्राथमिक संपर्कों की पहचान की गई थी. मरीज के माता-पिता, टैक्सी चालक, ऑटो चालक और जिस फ्लाइट से वह आया था उसके 11 यात्रियों का सैंपल लेकर जांच के लिए एनआईवी पुणे भेजा गया था. उन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है.

You missed