Spread the love

बिलासपुर। नेशनल हाईवे चण्डीगढ़-मनाली पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे स्वारघाट के संतोषी माता मन्दिर के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। इस हादसे में एक ट्राला नम्बर एचआर 58 ए-8960 जो राजस्थान के कोटा से एफसीआई मण्डी हिमाचल प्रदेश का अनाज (गेहूं) लेकर जा रहा था, अनियंत्रित होकर सडक से नीचे लुढ़क गया। इस हादसे में ड्राईवर-कंडक्टर की मौत हो गई है। अनियंत्रित ट्राले ने पहले तो सड़क किनारे बनी पैरापिट को तोड़ा उसके बाद चीड़ के दो बड़े-बड़े पेड़ों को भी जड़ समेत उखाड़ दिया। चीड़ के पेड़ों ने ट्राले के कैबिन के परखच्चे उड़ा दिए तो वहीं ट्राले के पीछे से आई गेहूं की बोरियों ने भी कैबिन को अपने नीचे दबा लिया।हादसे में ड्राईवर की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव ट्राले में बुरी तरह से फंस गया जिसे कई घंटों की मशक्कत के बाद स्वारघाट पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला।

वहीं कंडक्टर भी बुरी तरह से ट्राले में फंसा था जिसे निकालने के बाद पीएचसी स्वारघाट की 108 एम्बुलेंस के माध्यम से एफआरयू नालागढ़ ले जाया गया जहां पर उसने जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। पुलिस थाना स्वारघाट के इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने उपरोक्त सड़क दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में चालक-परिचालक दोनों की मौत हो गई है लेकिन अभी तक शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

You missed