Spread the love

शिमला | आउटसोर्स के तहत चल रही प्री प्राइमरी टीचर्स की भर्ती से संबंधित शिकायतें मिलने पर स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन ने निजी एजेंसियों को सख्त हिदायतें जारी की हैं। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में इंटरव्यू के दौरान कई तरह की लापरवाही सामने आई थी। यहां जिला प्रशासन को भी बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा। दूसरी तरफ निजी एजेंसी का कहना है कि इस भर्ती के लिए जारी किए गए नियमों के बाहर भी बहुत से अभ्यर्थी आ रहे हैं और उन्हें रोकना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल इस तरह की शिकायतों के बाद ही स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डिवलपमेंट कॉरपोरेशन ने इन निजी एजेंसियों को इंटरव्यू के लिए लोकेशन बदलने को कहा है। चंबा जिला के इंटरव्यू एक एजेंसी ने शिमला में रख दिए थे। फिलहाल ये इंटरव्यू रद्द कर दिए गए हैं। अब इनके लिए नई डेट और स्थान नए सिरे से तय होंगे। हालांकि निर्देश दिए गए हैं कि चंबा जाकर भी साक्षात्कार लिए जाएं।

इसी तरह सिरमौर जिला के इंटरव्यू रखने के कारण कुछ क्षेत्रों में दिक्कत थी। इन्हें भी नए सिरे से नई लोकेशन पर साक्षात्कार लेने को कहा गया है। कुल्लू जिला में कांगड़ा या अन्य जिलों के इंटरव्यू रखने पर भी शिकायत मिली थी। इंटरव्यू प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के बैठने से लेकर गर्मी के मौसम को देखते हुए बाकी इंतजाम करने को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन ने प्री-नर्सरी टीचर के कुल 6200 पदों में से अभी 3100 पद ही विज्ञापित किए हैं और इसके लिए सिर्फ 14 निजी एजेंसियों को ही काम दिया है। कुछ और एजेंसियों को इम्पैनल किया जा रहा है और यह प्रक्रिया अगले सप्ताह पूरी होगी। इसके बाद बाकी बचे पदों को भी विज्ञापित कर दिया जाएगा, लेकिन इस भर्ती में एनसीटीई के नियमों के अनुसार दो साल के डिप्लोमा की शर्त लगाई है, जबकि अभ्यर्थी एक साल के डिप्लोमा के साथ भी इंटरव्यू देने आ रहे हैं।

You missed