सोलन। जिला के ठोडो मैदान में 10 अक्तूबर को प्रस्तावित कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा की रैली स्थगित हो गई है। अब यह रैली 14 अक्तूबर को आयोजित होगी। पार्टी ने खराब मौसम की आशंका के चलते ये निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रियंका वाड्रा की सोलन में होने वाली प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए सभी पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। उन्होंने पार्टी विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों, कार्यकारणी सदस्यों, अग्रणी सगंठनों के प्रमुखों के साथ ही कांग्रेस के सभी विभागों के प्रमुखों को सभी पदाधिकारियों सहित रैली में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
इस संदर्भ में वीरवार को पार्टी ने एक सर्कुलर भी जारी किया है। इसके तहत पार्टी के सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों को भी रैली में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने और चुनाव क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें अधिक संख्या में रैली में लाने को कहा है।
कांग्रेस रैली से करेगी चुनावी शंखनाद
14 अक्तूबर को रैली से कांग्रेस चुनावी शंखनाद करेगी। इसके बाद मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भी रैली करवाई जाएगी। इनमें राहुल गांधी, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, मल्लिका अर्जुन खड़गे, भूपेश बघेल सहित अन्य बड़े नेता चुनाव प्रचार को आएंगे।
क्या बोले प्रदेश कांग्रेस के महासचिव
प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने बताया 10 अक्तूबर को खराब मौसम के पुर्वानुमान के चलते रैली की तिथि में फेरबदल किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे में अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की रैली 14 अक्तूबर को होगी। उन्होंने कहा कि वीरवार को रैली की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया गया है और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
10 अक्तूबर को जेपी नड्डा को आएंगे सोलन!
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी 10 अक्तूबर को सोलन का दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान वे शिमला ससंदीय क्षेत्र की बैठक लेंगे। हालांकि उनका ये दौरा अभी फाइनल नहीं हुआ है।
