Spread the love

मंडी। स्वस्थ्य विभाग ने जिले के 11 सीएचसी व जोनल अस्पताल में इन दवा के स्टाक को सील कर सप्लायर को वापस देने के आदेश जारी कर निदेशालय को रिपोर्ट भेज दी है। ऐसा मंडी अस्पताल में भरे गए तीन दवाओं के पांच सैंपल फेल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। अधिकारियों के अनुसार संबंधित कंपनी पर निदेशालय नियमानुसार कार्रवाई करेगा। बताया जा रहा है इन दवाओं की सप्‍लाई प्रदेशभर में हुई है। ये दवाएं निजी कंपनियों से टेंडर प्रक्रिया के तहत खरीदी गई थी।

जनवरी के अंतिम सप्ताह में इनके सैंपल भरे गए थे और फरवरी के दूसरे सप्ताह में रिपोर्ट आई जिसमें इनकी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरी है। जोनल अस्पताल मंडी से स्वास्थ्य विभाग ने टेल्मिसर्टन, लिवोसिट्रीजिन व अमोक्सीलिन के सैंपल भरे थे। इनमें पांच सैंपल फेल हो गए। टेल्मिसर्टन व लिवोसिट्रीजिन के दो-दो और अमोक्सीलिन का एक सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा है। टेल्मिसर्टन दवा हाइपरटेंशन के मरीजों को दी जाती है। लिवोसिट्रीजिन एलर्जी की दवा है। अमोक्सीलिन एंटीबायोटिक दवा है।
जिले में आई पांच दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। इनको सभी केंद्रों से वापस मंगवाया गया है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। -डॉ. जीवानंद चौहान, सीएमओ मंडी।

You missed