Spread the love

देहरा | पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए देहरा उपमंडल के तहत सुकाहार के अभिषेक भारद्वाज को गुरुवार को देहरा की एक अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस जब उसे लेकर अदालत आई, तो आरोपी का चेहरा ढंका हुआ था। आरोप है कि 20 वर्षीय अभिषेक सोशल मीडिया के जरिए देश की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था। देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि सुकाहर के अभिषेक भारद्वाज के घर से पुलिस की विशेष टीम ने संवेदनशील दस्तावेज और कुछ फोटो बरामद किए हंै। आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस की खुफिया टीम के राडार पर था। पुलिस इस मामले की पूरी छानबीन में जुट गई है और आरोपी पर बीएनएस की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी के मोबाइल से डाटा खंगालने के लिए फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि फेसबुक के जरिए वह अपने देश की कई जानकारियां पाकिस्तान के लोगों से शेयर करता था। बता दें कि जासूसी के आरोप में पकड़े गए अभिषेक की गतिविधियां पिछले काफी समय से संदिग्ध थीं और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिषेक कालेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़ चुका है और ऑनलाइन माध्यमों से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था। उसने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो डाला था, जो उस पर लगे आरोपों की कहानी खुद ही बयां कर रहा है। वीडियो में कथित रूप से कारतूसों से अभिषेक भारद्वाज लिखा गया है और उसके साथ दो छोटे रिवाल्वर और तीन एके-47 जैसी दिखने वाली बंदूकों को सजाकर रखा गया है। हालांकि इन हथियारों के असली होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। उसके फेसबुक पर तीन हजार से ज्यादा फ्रेंड्स हैं, जिनमे अधिकांश विदेशी हंै। बताया जा रहा है कि पुलिस के खुफिया तंत्र को इसकी फेसबुक की पोस्टों पर पहले से ही शक था। शक पुख्ता होते ही पुलिस ने रेड कर इसे गिरफ्तार किया और अब रिमांड पर लेकर पूरे मामले का खुलासा करने में लग गई है।

You missed