Spread the love

शिमला | हिमाचल प्रदेश के निजी स्कूलों ने बैल्ट, जूते और टाई बेची तो मान्यता को शिक्षा बोर्ड रद्द करेगा। शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों को यह चेतावनी जारी कर दी है। शिकायतों के आधार पर बोर्ड ने सख्ती करने का फैसला लिया है। बोर्ड ने निजी स्कूलों को बोर्ड की ओर से निर्धारित पाठ्य और प्रायोगिक पुस्तकों को पढ़ाने के लिए भी कहा है। हिमाचल प्रदेश के निजी स्कूलों में पाठ्य पुस्तकों को विक्रय करने के साथ-साथ अन्य व्यापारिक गतिविधियों को भी अंजाम दिया जा रहा है। बोर्ड प्रबंधन को लगातार शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों के आधार पर बोर्ड प्रबंधन ने अब निजी शिक्षण संस्थानों के संचालकों को चेतावनी दी है कि शिक्षा बोर्ड जल्द ही स्कूलों को निरीक्षण करेगा।

इस दौरान अगर स्कूलों में टाई, बैज, वर्दी, जूते और कापियां आदि संस्थान में विक्रय के लिए पाई जाती हैं तो बोर्ड प्रबंधन अवहेलना करने वाले संस्थान को प्रदान की गई संबद्धता को वापस ले लेगा, जिसका उत्तरदायित्व संबंधित स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य का होगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि निजी स्कूलों को बोर्ड की पाठ्य और प्रायोगिक पुस्तकें पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और हर संबद्धता प्राप्त स्कूल को इन्हें पढ़ाना अनिवार्य है। इसके अलावा स्कूलों में व्यापारिक गतिविधियां भी नहीं की जा सकतीं, अगर कोई स्कूल इनकी अवहेलना करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ बोर्ड अधिनियम में कार्रवाई की जाएगी।

You missed