सोलन : मंडी में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत होने के बाद अब प्रदेश में नकली शराब बनाने और बेचने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन ये कोई नई बात नहीं है। कई वर्षों से नकली शराब बेचने का धंधा एसे ही चल रहा है। ऐसा भी नहीं है कि स्थानीय लोगों को इसके बारे में कुछ पता नहीं है। बावजूद इसके कुछ रुपये बचाने के चक्कर में यह लोग नकली शराब खरीदकर पीते हैं और अपनी जान जोखिम में डालते हैं।

पालमपुर और बैजनाथ से गिरफ्तार किए दो आरोपितों के बाद कांगड़ा पुलिस भी सक्रिय हो गई है। कांगड़ा पुलिस को नकली शराब गिरोह की ओर से कांगड़ा भेजी गई करीब 450 पेटियों में से एक ही पेटी बरामद हुई है। शेष नकली शराब का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

इस बात का भी पता चला है कि सिर्फ देसी ही नहीं, बल्कि अंग्रेजी ब्रांड के नाम पर भी नकली शराब बेची जाती है। कई ठेकों में अंग्रेजी ब्रांड की शराब की पेटी में एक एक हजार रुपये कम कर दिए जाते हैं। सूत्रों के अनुसार अक्टूबर में धर्मशाला में एक युवक ने घर में एक समारोह के लिए अंग्रेजी शराब की पेटी का पता किया। उसे पेटी का भाव 5800 रुपये बताया गया। बाद में एक व्यक्ति ने उसे बताया कि इसी ब्रांड की पेटी शहर के साथ लगते एक ठेके में 4300 रुपये में मिल जाएगी। इसका सीधा अर्थ है कि शराब ठेकों में भी असली-नकली का खेल होता है।

You missed