धौलाधार पर्वत की शृंखला राइजिंग स्टार हिल टाप के पीछे स्लाइडिंग जोन के लिए शनिवार को ट्रैकिंग पर निकले चार दोस्तों में से दो की मौत हो गई। रविवार देर रात दो को रेस्क्यू कर उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया। एक शव बेस कैंप में पहुंचा दिया गया है, जबकि दूसरा सोमवार को लाया जाएगा।

स्लेट गोदाम गांव के 18 वर्षीय रोहित पुत्र राजकुमार, 17 वर्षीय सत्यम पुत्र सागर, 16 वर्षीय रोहित पुत्र परमजीत और मोंटी धीमान निवासी नूरपुर शनिवार को राइजिंग स्टार हिल टाप के लिए निकले थे। मोंटी अंबाला में कार्य करता था। बताया जा रहा है कि भारी बर्फबारी के बीच वह रास्ता भटक गए। इस दौरान किसी तरह उन्होंने इसकी सूचना स्वजन को दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें ढूंढने के लिए अभियान चलाया। रविवार को भारी बारिश और बर्फबारी के बीच उन्हें ढूंढ लिया। इसके बाद रोहित पुत्र राजकुमार और सत्यम को धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि रोहित पुत्र परमजीत और मोंटी धीमान की ठंड की वजह से मौत हो गई थी। रेस्क्यू टीम ने एक शव को बेस कैंप पहुंचा दिया है। दूसरे शव को लाने के लिए सोमवार को 15 सदस्यीय टीम भेजी जाएगी।

You missed