धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा की मौत और उससे जुड़े रैगिंग और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों की जांच के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी मंगलवार को कॉलेज परिसर पहुंची। यह पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति मृतक छात्रा से संबंधित घटनाक्रम के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
यूजीसी ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो. राज कुमार मित्तल को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। समिति के अन्य सदस्यों में यूजीसी की पूर्व सदस्य प्रो. सुषमा यादव, गुजरात विश्वविद्यालय अहमदाबाद की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता तथा पुदुचेरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी. प्रकाश बाबू शामिल हैं। वहीं, यूजीसी की संयुक्त सचिव डॉ. सुनीता सिवाच समन्वय अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश सरकार के निर्देश पर शिक्षा विभाग की ओर से गठित उच्च स्तरीय जांच समिति धर्मशाला कॉलेज का दो दिवसीय दौरा पूरा कर लौट गई है।
