Spread the love

शिमला -23 जुलाई. हिमाचल किसान सभा के बैनर तले एसजेपीएनएल कार्यालय में विधायक राकेश सिंघा, डॉ. कुलदीप सिंह तंवर सहित बणी, मखड़ोल, धमान्दरी, देहना पंचायतों के लोगों का धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने का नेतृत्व कर रहे ठियोग के विधायक राकेश सिंघा ने सुबह ऐलान किया था कि अगर सरकार की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई तो 12 बजे के बाद आंदोलन की रूपरेखा बदली जायेगी और इसे और ज़्यादा तीखा किया जाएगा। ऐलान के दबाव में सरकार की ओर से एसडीएम शिमला और एएसपी सिटी आंदोलनकारियों से मुलाकात करने आए थे लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई। एसडीएम की ओर से आश्वासन दिया गया कि वे सरकार के समक्ष मांगों को रखेंगे लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ।

वहीं एमडी एसजेपीएनएल से दूसरे दौर की बात भी असफल रही। एसजेपीएनएल प्रबंधन इस बात पर अड़ा हुआ है कि उसका दायित्व सिर्फ शिमला शहर को पानी देने का है जबकि आंदोलनकारियों का कहना है कि जब एक प्रभावशाली बाहरी व्यक्ति को मेन राइज़िंग से पानी का कनेक्शन दिया जा सकता है तो फिर ग्रामीणों को क्यों नहीं। एमडी से बात करने के बाद एसजेपीएनएल प्रबंधन को शाम 5 बजे तक का समय दिया है ताकि वह पुनः सरकार या सक्षम अधिकारियों से बात कर सके। शाम 5 बजे तक भी अगर कोई नतीजा नहीं निकलता है तो आंदोलन की रूपरेखा क्या होगी यह शाम को तीसरे चरण की बैठक में के बाद ही तय होगा।

You missed