Spread the love

शिमला | एचआरटीसी के ड्राइवर व कंडक्टरों के ओवर नाइट टाइम के बचे हुए पैसों में से सरकार ने पांच करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है। बुधवार को सरकार ने इन कर्मचारियों को यह पैसा जारी करके राहत दी है, वहीं इसके साथ उनके वेतन की भी अदायगी का पैसा एचआरटीसी को रिलीज कर दिया गया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि सरकार ने जो वादा इन कर्मचारियों के साथ किया है वो पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय में इन कर्मचारियों की वित्तीय अदायगी नहीं की गई बावजूद इसके वर्तमान सरकार ने इनसे वादा किया और यह पैसा दे रहे र्हैं। अभी 15 करोड़ रुपए सरकार से इसके लिए मिले हंै जिसमें से पांच करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने चालक व परिचालकों से आह्वान किया कि वो हड़ताल पर न जाएं क्योंकि इससे आम जनता को परेशानी होगी। ड्राइवर व कंडक्टरों के साथ बातचीत कर रास्ता निकालने के लिए एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने मध्यस्थता की। अजय वर्मा ने बैठक करने के बाद बुधवार को सुबह ड्राइवर व कंडक्टर यूनियन से बैठक की और इसके बाद फिर संयुक्त संघर्ष समिति के साथ बैठक हुई। एचआरटीसी चालक परिचालक संघ ने मांगों को लेकर छह मार्च से आंदोलन पर जाने की चेतावनी दी थी। एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कर्मचारी संगठनों के साथ लगातार बातचीत की। सरकार के समक्ष कर्मचारियों की सभी मांगों को रखा। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनकी हर मांग को पूरा करने के लिए तैयार है।

15 अप्रैल से पहले रेगुलर होंगे अनुबंध कर्मचारी

बैठक में संघ ने अनुबंध कर्मचारियों के नियमितिकरण का मामला उठाया। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि 31 मार्च को दो साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारियों को 15 अप्रैल से पहले नियमित कर दिया जाएगा। अजय वर्मा ने बताया कि सभी डिपो को निर्देश जारी किए हैं कि इसका पूरा डाटा तैयार कर निगम मुख्यालय को भेजें। इसके साथ बैठक में कर्मचारियों के पदोन्नति मामलों पर भी चर्चा की गई। बैठक में कलपुर्जों की खरीद के भी आदेश जारी कर दिए हैं।

ये मामले सरकार को भेजे जाएंगे

बैठक में कर्मचारियों के लंबित डीए, 4-9-14 का लाभ जारी करना व संशोधित वेतनमान के एरियर आदि पर चर्चा हुई जिस पर आश्वासन मिला कि इन मामलों को सरकार से उठाया जाएगा और उन्हीं के स्तर पर हल होंगे।

कर्मचारियों से अपील

एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वह बसों का संचालन सुचारू रूप से करें ताकि लोगों को परेशानी न हो।

You missed