धर्मशाला। केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल बुधवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता कर कहा कि हिमाचल में ट्राउट मछली के उत्पादन के लिए केंद्र सरकार सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के किसान कृत्रिम गर्वाधान से गाय की नस्लों व संख्या को बढ़ाकर दूध के उत्पादन को बढ़ा सकते हैं। केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत की नींव को मजबूत किया है। मोदी सरकार का 11 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। मोदी राज आधुनिक भारत का स्वर्ण काल माना जाएगा। वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र होगा, सुपर पावर बनकर विश्व में नंबर वन होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा बजट में खासी बढ़ोतरी की है। पूर्व में देश के कई जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे, जबकि वर्तमान में नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। नक्सली घटनाओं में 70 फीसदी कमी आई है। भारत वर्तमान में दूध उत्पादन में विश्व भर में नंबर वन पर है, जबकि मत्स्य पालन में भारत विश्व में दूसरे पायदान पर है। उन्होंने कहा कि रक्षा निर्यात में वर्ष 2014 से 34 गुणा वृद्धि देखी गई है। भारत प्रमुख वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि देश भर में 116 करोड़ मोबाइल यूजर हैं। एसपी सिंह बघेल ने इस दौरान मोदी सरकार के अब तक के कार्यकाल में देश भर में उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं की जानकारी भी दी।
ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाक को सबक सिखाया
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए एसपी सिंह बघेल ने कहा कि नियंत्रण रेखा के पार और पाकिस्तान के अंदरूनी इलाकों में नौ आतंकी शिविरों को नष्ट किया गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा समन्वित त्रिसेवा प्रतिक्रिया के रूप में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। इस अवसर पर विधायक सुधीर शर्मा, पवन काजल, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, विशाल नेहरिया, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु, देवेंद्र कोहली व चंद्र भूषण नाग मौजूद रहे।
