शिमला : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गाँधी सोमवार को शिमला पहुंची हैं. जानकारी के अनुसार वह निजी दौरे पर आई हैं और इस दौरान बेटी प्रियंका गाँधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित आवास में रुकेंगी. सोनिया गांधी सुबह चंडीगढ़ से सड़क मार्ग होते हुए शिमला पहुंची हैं. बता दें कि प्रियंका 4 अक्टूबर से शिमला में अपने घर पर हैं. पहले 10 अक्टूबर को सोलन में उनकी रैली रखी गई थी लेकिन खराब मौसम के चलते इसको बदलकर अब 14 अक्टूबर कर दिया गया है.
बता दें कि सोनिया गांधी का यह निजी दौरा है. उनके इस दौरे के बारे पार्टी के पदाधिकारियों तक को सूचना नहीं दी गई है. इस दौरान वह किसी भी पार्टी पदाधिकारी से नहीं मिलेगी न ही किसी कार्यक्रम में शामिल होंगी. बता दें कि हिमाचल कांग्रेस में टिकट आवंटन को लेकर इन दिनों खूब उठापटक चल रही है. स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भी टिकटों पर बात नहीं बन पाई है. अब केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में टिकटों पर अंतिम मुहर लगनी है. प्रदेश में नवंबर में विधानसभा की सभी 68 सीटों पर चुनाव होने हैं.
